तुर्की के इस्तांबुल शहर में चल रही एशियन सीनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उदयपुर के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी गौरव साहू ने 59 किलोग्राम भार वर्ग में भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन कर दो रजत सहित ओवरऑल कांस्य पदक जीत भारत का नाम रोशन किया। राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के आयोजन सचिव विनोद साहू ने बताया कि इस्तांबुल में एशियन सीनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के रविवार सुबह 10 बजे शुरू हुए मुकाबले में उदयपुर के उभरते अन्तर्राष्ट्रीय खिलाडी गौरव साहू ने 59 किलोग्राम में भाग लेते हुए शानादर प्रदर्शन करते हुए स्कवेट स्पर्धा में 230 किलो वजन उठाकर रजत पदक जीता , वही उन्होंने बेंच प्रेस में 112.5 किलो व डेड लिफ्ट में 232.5 किलो वजन उठाकर रजत पदक जीता। गौरव ने कुल 575 किलो वजन उठाकर ओवरऑल कांस्य पदक जीता। गौरव साहू का एशियन सीनियर इक्विपड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उनके खेल जीवन का यह पहला पदक है। इससे पूर्व उन्होंने हांगकांग में आयोजित हुई एशियन सब जूनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक एवं तुर्की में ही आयोजित हुई एशियन जूनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में चार स्वर्ण पदक जीते थे। इस बार गौरव ने एशियन सीनियर इक्विपड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में ओवरआल कांस्य पदक जीतकर राजस्थान का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। उदयपुर के बापू बाजार स्थित उनके आवास पर पटाखे छोड़, मिठाई वितरित कर खुशिया मनाई गई। अभी हाल ही में रोमानिया में आयोजित हुई विश्व सीनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे विश्व में छठा स्थान प्राप्त किया था। गौरव की इस शानदार उपलब्धि पर राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली, सचिव डॉ. देवेंद्र साहू, आयोजन सचिव विनोद साहू, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी चंद्रेश सोनी, राजकुमारी यादव, माला सुखवाल, दिव्यांश सोनी, जिला ओलंपिक संघ उदयपुर के सचिव जालमचंद जैन, जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष ललित सिंह सिसोदिया , पूर्व जिला खेल अधिकारी गिरधारी सिंह चौहान, चेंबर ऑफ कॉमर्स के सुखलाल साहू ने बधाई दी। गौरव के 13 दिसंबर को उदयपुर पहुंचने पर रेलवे स्टेशन पर स्वागत किया जाएगा ।


