लुधियाना| थाना मोती नगर इलाके में लूट की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही हैं। दिल्ली रोड पर बदमाशों ने एक बार फिर तेजधार हथियारों के बल पर राहगीर को निशाना बनाते हुए मोबाइल फोन और नकदी लूट ली। लगातार हो रही घटनाओं से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। पीड़ित इकबाल हुसैन, निवासी शेरपुर कलां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने जुपीटर स्कूटर पर शिव चौक से समराला चौक की ओर जा रहा था। जब वह थाना मोती नगर के पास दिल्ली रोड पर पहुंचा, तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आए और रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने तेजधार हथियार दिखाकर उसे डराया और उसके पास से मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड व कुछ नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में काम पर जा रहे दो युवकों के साथ मारपीट कर नकदी लूटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनकी जांच अभी जारी है। ऐसे में एक और लूट की घटना ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। थाना मोती नगर पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 304 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। ।


