भास्कर न्यूज | लुधियाना मोचपुरा बाजार के गोकुल रोड इलाके में चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। यहां एक शातिर चोर ने महज 5 सेकेंड में टाटा इंट्रा (छोटा हाथी) का लॉक खोलकर वाहन चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। जनता नगर निवासी अजीत कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी सफेद रंग की टाटा इंट्रा V-30 (PB04AE-8746) गाड़ी उनका ड्राइवर आशु कुमार चलाता है। रोज की तरह 16 जनवरी की रात ड्राइवर ने गोकुल रोड पर लायलपुर स्वीट्स के पास गाड़ी खड़ी कर उसे लॉक कर दिया था। 17 जनवरी की सुबह जब ड्राइवर मौके पर पहुंचा तो गाड़ी वहां से गायब थी। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक अज्ञात युवक नजर आया। आरोपी ने संतरी रंग का ट्रैक सूट और लाल रंग का मफलर पहन रखा था। फुटेज में देखा जा सकता है कि वह कुछ देर गाड़ी के आसपास घूमता है और मौका मिलते ही बेहद सफाई से केवल 5 सेकेंड में लॉक खोलकर वाहन लेकर फरार हो जाता है। थाना डिवीजन-1 की पुलिस ने अजीत कुमार के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर चोरी की गई गाड़ी बरामद की जाएगी।


