शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पसगड़ी तिराहे पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, यह हादसा दोपहर लगभग तीन बजे हुआ। मृतक की पहचान उफरी निवासी सूरज यादव (23) पुत्र शिवू कुमार के रूप में हुई है। सूरज अपनी बाइक से ब्यौहारी की ओर आ रहा था, तभी पसगड़ी तिराहे के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूरज सड़क किनारे गिरकर अचेत हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे को देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस अब अज्ञात ट्रैक्टर और फरार चालक की तलाश कर रही है।


