बैकुंठपुर | ग्राम खड़गवां में दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दौरान युवक की मौत हो गई। हादसा शनिवार दोपहर करीब 1.45 बजे हुआ। ग्राम ठग्गांव तेन्दुडांड निवासी बालकृष्ण साहू ने खड़गवां थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, बालकृष्ण का भतीजा कमलेश कुमार साहू धान बीज लेने अपनी बाइक सीजी 16 सीआर 1893 से खड़गवां गया था। खड़गवां बस स्टैंड मेन रोड पर सामने से आ रही बाइक सीजी 16 सीजी 5831 को गिद्धमुड़ी निवासी सुखनंदन सिंह तेज रफ्तार में चला रहा था। उसने कमलेश की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से कमलेश सड़क पर गिर गया। उसके सिर, चेहरे और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों ने उसे तुरंत खड़गवां अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताई और जिला अस्पताल बैकुंठपुर रेफर कर दिया। वहां से रायपुर डीकेएस अस्पताल भेजा गया। रायपुर ले जाते समय सिंहपुर तिराहा के पास कमलेश की मौत हो गई। शव को वापस खड़गवां अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित किया।


