डूंगरपुर के धम्बोला थाना क्षेत्र में शनिवार को झाफरा स्कूल के पास तेज रफ्तार बाइक से गिरने से एक महिला की मौत हो गई। महिला जेठोला मेले से वापस घर लौट रही थी। धम्बोला थाने के हेड कॉन्स्टेबल सोहनलाल के अनुसार मृतका की पहचान गडाकोकल निवासी निशा पत्नी पप्पू रोत के रूप में हुई है। महिला के पति की रिपोर्ट के मुताबिक निशा अपने कुटुम्बी भाई भूरालाल के साथ जेठोला मेले में खरीदारी के लिए गई थी। वापसी के दौरान भूरालाल द्वारा बाइक तेज गति से चलाने के कारण झाफरा स्कूल के पास निशा बाइक से नीचे गिर गई। हादसे में निशा के सिर पर गंभीर चोट आई। उसे तुरंत सीमलवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में शिफ्ट किया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


