तैनात की जाएगी अतिरिक्त फोर्स त्योहारों पर जिला प्रशासन सतर्क

भास्कर न्यूज|गुमला ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व को ध्यान में रखते हुए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक टाउन हॉल गुमला में आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने की। बैठक में उपायुक्त ने उपस्थित ईद कमिटी, सरहुल कमिटी एवं रामनवमी कमिटी, शांति समिति के सभी सदस्यों, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं जिले के गणमान्य नागरिकों से त्योहारों के दौरान सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं। आमजनों से विशेष अपील है कि शांति एवं सौहार्द बनाए रखते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता के साथ त्योहार मनाएं। त्योहारों के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने हेतु सभी समुदायों से सहयोग की अपील की गई। सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक या भड़काऊ संदेश से बचने और इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को देने की सलाह दी गई। जुलूस एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की भी जानकारी दी गई। एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग की ओर से तैयारियां पूर्ण है। आपकी सहायता हेतु आवश्यकता अनुसार पुलिस के जवान जगह-जगह पर तैनात रहेंगे। रामनवमी के लाइसेंस रिन्यू को लेकर उन्होंने कहा कि किसी भी अखाड़े/समिति को यदि लाइसेंस अथवा लाइसेंस रिन्यू के लिए आवेदन करना है, तो वह समय रहते सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ लाइसेंस रिन्यू करने के लिए अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आवेदन करें। ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण बातें कही। उन्होंने पुलिस के अलावा वोलेंटियर्स की प्रतिनियुक्ति करने एवं वोलेंटियर्स को अनिवार्य रूप से आईडी कार्ड लगाए रखने की बात कही। साथ हीं जिलावासियों को त्योहार के दौरान ट्रैफिक नियंत्रण में सहयोग करने को कहा। रामनवमी एवं मंगला जुलूस में निकाले जाने वाले शोभा यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि पूर्व से निर्धारित सड़क मार्ग पर ही शोभा यात्रा निकाला जाए। विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी के माध्यम से प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। त्योहार के दौरान गड़बड़ी करने वाले असमाजिक तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नही जाएगा, उनपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ हीं उन्होंने नागरिकों से यह भी अपील किया कि त्योहार के दौरान नशा करने से बचें। नशा के कारण भी अप्रिय घटना घटित होती है। उन्होंने यह भी कहा कि लाइसेंस में तय रूट निर्धारण का ही अनुपालन करें। जिससे कि किसी भी प्रकार की कोई परेशानी ना हो। डीजे में भड़काऊ एवं प्रतिबंधित गानों को ना बजाएं। उन्होंने सभी शांति समिति के सदस्य को निर्देशित किया कि वॉलंटियर्स को यूनिक आइडेंटिटी उपलब्ध कराएं साथ ही वॉलंटियर्स की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *