त्योहारों में विधि व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई : डीसी

भास्कर न्यूज | लातेहार जिले में होली, ईद और रामनवमी पूजा को लेकर बुधवार को जिला समाहरणालय सभागार जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं एसपी कुमार गौरव ने संयुक्त रूप से की। इसमें ​उपायुक्त ने जिलेवासियों से भाईचारे के साथ त्योहार मनाने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। कहा, कि एक साथ कई त्योहार हैं। इसके कारण प्रशासन को विशेष एहतियात बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारियों, बीडीओ, सीओ और सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक करने और फ्लैग मार्च निकालने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्हें पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने एवं विधि-व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर उन पर कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। बैठक में जिप अध्यक्ष पूनम देवी, डीडीसी सैय्यद रियाज अहमद, आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, सदर एसडीओ अजय कुमार रजक, महुआडांड़ एसडीओ बिपिन कुमार दुबे, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की के अलावे सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, बीडीओ, अंचलाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व थाना प्रभारी उपस्थित थे।
​बैठक में सुरक्षा मानकों पर जोर देते हुए उपायुक्त ने कहा कि पटाखों के भंडारण और विक्रय के लिए वैध लाइसेंस अनिवार्य है। बिना लाइसेंस पटाखा बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने होलिका दहन स्थलों पर पटाखे नहीं फोड़ने की अपील की। पुलिस प्रशासन को ”ड्रिंक एंड ड्राइव” और यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर 24 घंटे रहेगी नजर ​एसपी कुमार गौरव ने कहा कि जिले की साइबर सेल 24 घंटे सोशल मीडिया की निगरानी कर रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वाले या भ्रामक पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ सीधे कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को गश्त तेज करने और संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *