अमृतसर | राष्ट्र के वयोवृद्धों द्वारा कर्तव्य के दौरान की गई निस्वार्थ सेवा और बलिदान को सम्मानित करने के लिए 14 जनवरी को 9वां त्रि-सेवा वयोवृद्ध दिवस मनाया गया। पैंथर डिवीजन की तरफ से यह विशेष दिन फील्ड मार्शल केएम करिअप्पा की सेवानिवृत्ति की याद में मनाया जाता है, जो पहले भारतीय सेना प्रमुख थे, जिन्होंने 1947 के भारत-पाक युद्ध में भारतीय सेना को जीत दिलाई थी। सेना प्रवक्ता के मुताबिक इस दिन देश भर में विभिन्न कार्यक्रम और समारोह आयोजित किए जाते हैं। सरकार इस अवसर पर वयोवृद्धों और उनके परिवारों के लाभ के लिए विभिन्न कल्याणकारी उपायों और पहलों की घोषणा भी करती है। वयोवृद्धों को उनके कल्याण के लिए भारतीय सेना द्वारा की जा रही विभिन्न पहलों के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद पैंथर डिवीजन के जीओसी मेजर जनरल कार्तिक सी. शेषाद्रि, वीएसएम ने भूतपूर्व सैनिकों के साथ बातचीत की तथा विकलांग भूतपूर्व सैनिकों को इलेक्ट्रिक स्कूटर भेंट किए।


