भास्कर न्यूज | जालंधर दर्शन अकादमी परिसर में 2025-26 का वार्षिक समारोह विद्यालय प्रधानाचार्य दिनेश सिंह के नेतृत्व तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के सहयोग से, परम पूज्य संत राजिंदर सिंह महाराज के आशीर्वाद में सम्पन्न हुआ। दर्शन एजुकेशन फाउंडेशन के 30 गौरवशाली वर्षों की स्मृति में पर्ल जुबली सेलिब्रेशन आयोजित किया गया, जिसका विषय था- स्थिरता से शक्ति: जीवन को आलोकित करना। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, मेयर वनीत धीर, इंस्पेक्टर मीना कुमारी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित हुए। प्राचार्य दिनेश सिंह ने मुख्य अतिथिगण और विशेष आमंत्रितों का पारंपरिक ढंग से पौधे भेंट कर स्वागत किया। दिनेश सिंह ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर विद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख किया। अतिथियों ने 2024-25 सत्र के मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति एवं पुरस्कार प्रदान किए। मुख्य अतिथि मोहिंदर भगत सहित सभी अतिथियों ने छात्रों की प्रस्तुतियों तथा विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य दिनेश सिंह और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। विद्यालय की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के मैनेजर प्रोफेसर रजनीश खन्ना एवं एलएमसी मेंबर दीपक जोड़ा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ, जो विद्यालय एवं फाउंडेशन की 30 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक बना।


