यूपी के अयोध्या में दलित युवती की हत्या पर सियासत शुरू हो गई है। रविवार को सपा सांसद अवधेश प्रसाद मीडिया के सामने फूट-फूटकर रोए। कहा- इस मुद्दे को लोकसभा में मोदी के सामने उठाऊंगा। न्याय नहीं मिला तो इस्तीफा दूंगा। हम बेटी की इज्जत बचाने में नाकामयाब हो रहे हैं। इतिहास क्या कहेगा? कैसे बिटिया के साथ ये हो गया। हे राम… माथा पीटते हुए कहा- प्रभु राम कहां हैं, सीता मां कहां हैं? हम इस्तीफा दे देंगे। यह हिंदुस्तान की सबसे बड़ी दर्दनाक घटना है। मैं मीडियाकर्मियों से प्रार्थना करता हूं, उस घर पर जाइए। जहां एक मां ने अपनी बेटी को खो दिया। अवधेश प्रसाद शनिवार रात को पीड़ित परिवार से मिले थे। आज सुबह उन्होंने होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। मीडिया कर्मियों को देखते ही सांसद फूट-फूटकर रोने लगे। वहीं, सीएम योगी ने अयोध्या के मिल्कीपुर की रैली में कहा- बेटी की हत्या में सपा का ही दरिंदा शामिल होगा। घटना पर सांसद नौटंकी कर रहे। ये लोग (सपाई) सुधरेंगे नहीं, क्योंकि कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती है। सपा को गाजी-पाजी प्यारे हैं। इनको मिल्कीपुर का मोईद खान और कन्नौज का नवाब यादव प्यारा है, जो एक बेटी पर सीधे-सीधे हाथ डालता है। सपा विकास विरोधी है। इनकी दृष्टि सैफई से बाहर नहीं जाती। ये सैफई के बाहर नहीं सोच सकते। 2 तस्वीरें देखिए— सबसे पहले पूरा मामला पढ़िए- कल मिली थी युवती की न्यूड लाश, हाथ-पैर टूटे हुए थे
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 22 साल की लड़की की शनिवार को न्यूड लाश मिली थी। दोनों आंखों पर चोट के निशान थे। चेहरे और सिर पर घाव थे। शरीर पर जगह-जगह जख्म दिख रहे थे। हाथ-पांव रस्सी से बंधे हुए थे। जिन लोगों ने शव को कपड़े से ढककर उठाया, उनका कहना था कि पैर भी टूटा हुआ था। शव की हालत देखकर लड़की की बड़ी बहन और गांव की 2 महिलाएं बेहोश हो गईं। युवती 30 जनवरी की रात 10 बजे गांव में एक कथा में जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं आई। परिजन सुबह उठे तो उसे दिनभर ढूंढा। इसके बाद 31 जनवरी को अयोध्या कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजन का आरोप है- पुलिस युवती को खोजने के बजाय खानापूर्ति करती रही। शनिवार की सुबह युवती के जीजा ने गांव के बाहर छोटी नहर में युवती की लाश देखी। उन्होंने परिजनों को लाश मिलने की जानकारी दी। इसके बाद भीड़ जुट गई। आशंका है कि युवती के साथ गैंगरेप हुआ है। छोटी बहन ने बताया- घर से कथा सुनने गई थी
युवती चार बहनों में तीसरे नंबर पर थी। उसकी बड़ी बहन ने बताया, 30 जनवरी की रात में घर से कथा सुनने की बात कहकर गई थी। घर से कुछ दूरी पर कथा हो रही थी। रात में वह नहीं आई। बहन ने बताया, मेरे पति ने सबसे पहले शव को देखा। इसके बाद सभी को बताया। शव को देखने के बाद होश उड़ गए। शरीर पर कई जख्म थे, जैसे ब्लेड से उसके शरीर पर घाव किए गए हों। उसके बाल भी नोचे गए थे। पूरी बॉडी खून से लथपथ थी। हम शव को देखकर बेहोश हो गए। हमारी मांग है कि जो भी आरोपी हो, उसे फांसी की सजा दी जाए। बहन ने कहा- स्कूल के शौचालय से लेकर खेत तक खून दिखा
बड़ी बहन ने बताया- घर से खाना खाकर गई थी, पुलिस से 31 जनवरी को शिकायत की गई। पुलिस आई। कहा- जाकर खुद यहां-वहां ढूंढो, मिल जाएगी। हम लोग उसे ढूंढते रहे। स्कूल के पास शौचालय में खून मिला। इसके बाद बाहर खून से सना हुआ कपड़ा मिला। वहीं पर शराब की बोतल भी मिली, गेहूं के खेत में खून के छींटे मिले, लेकिन शव नहीं मिला। शनिवार सुबह बहन का शव मिला। अवधेश प्रसाद के जाते ही, पीड़ित परिवार के घर पहुंचे भाजपा नेता अब पुलिस कार्रवाई समझिए… परिवार को 50 हजार की मदद दी
मामला तूल पकड़ता देखकर SSP राजकरन नैय्यर खुद पीड़ित परिवार से मिलने उसके घर पहुंचे। उन्होंने अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा देने का भरोसा दिलाया। SP सिटी मधुवन सिंह, SDM सदर विकास दुबे पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। SDM ने पीड़ित परिवार को 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी। पूर्ति निरीक्षक को राशन मुहैया कराने के निर्देश दिए। आरोपियों को पकड़ने के लिए 7 टीमें बनाई गई हैं। SP सिटी घटना के बाद से गांव में डेरा डाले हुए हैं। पुलिस ने कहा- 2 लोगों को हिरासत में लिया
CO आशुतोष तिवारी ने कहा- मामले की जांच शुरू कर दी गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चलेगा कि युवती के साथ रेप हुआ है या नहीं। मामले में केस दर्ज किया जा रहा है। टीमें बनाकर गांव के लोगों से पूछताछ की जा रही है। 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है। बेटे को जिताने के लिए ड्रामा कर रहे सांसद- महिला आयोग सदस्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। प्रियंका ने कहा- सांसद अवधेश प्रसाद ड्रामा कर रहे हैं, घटना उनके क्षेत्र में घटित हो रही है, इसके जिम्मेदार वह स्वयं भी हैं। बेटे को जिताने के लिए इस प्रकार के ड्रामा बाजी न करें। गैंगरेप के आरोपी के साथ अवधेश की फोटो आई थी सामने अयोध्या में 12 साल की लड़की से गैंगरेप मामले में सपा नेता मोईद खान और उसके नौकर राजू पर केस चल रहा है। इसी केस में मोईद खान जेल में है। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने मोईद खान के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को ढहा दिया था। इसके चलते PNB बैंक को दूसरी जगह शिफ्ट करना पड़ा था। मोईद खान की कई मौकों की ढेरों तस्वीरें सामने आईं थी। जिसमें वह सांसद अवधेश प्रसाद के साथ दिख रहा है। वह मोईद के कंधे पर हाथ रखे दिख रहे हैं। ………………. यह खबर भी पढ़िए… गैंगरेप के बाद दलित युवती की हत्या, पैर तोड़े:अयोध्या में बिना कपड़ों के लाश मिली; आंखों पर जख्म, बॉडी देखकर महिलाएं बेहोश अयोध्या में 22 साल की एक दलित युवती की हत्या कर दी गई। उसकी न्यूड लाश मिली है। वह गुरुवार रात से लापता थी। परिजन ढूंढ रहे थे, शनिवार यानी 1 फरवरी की सुबह लड़की के जीजा ने गांव की सूखी नहर में उसकी लाश पड़ी देखी। पढ़ें पूरी खबर…


