भास्कर न्यूज | बालोद जिला मुख्यालय से लगभग 12 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम जगन्नाथपुर में शरद पूर्णिमा की रात दशहरा मनाया गया। उत्सव की शुरुआत राम और रावण दल की झांकी से हुई। शोभायात्रा पूरे गांव में घूमते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने रामायण की झलक प्रस्तुत की। डीजे की धुन पर युवाओं ने नृत्य किया। 30 फीट ऊंचा रावण का पुतला दहन आतिशबाजी के साथ किया। इसके पहले रामलीला का मंचन किया गया। रावण का किरदार युगल देशमुख ने निभाया। भगवान राम की भूमिका मनहरण साहू ने निभाई। रात में महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के ग्राम धमधीटोला की सूरज की किरण नाच पार्टी ने प्रस्तुति दी। इस दौरान योगेश्वर देशमुख, जनपद सदस्य दमयंती हरदेल, भाजपा जुंगेरा मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच अरुण साहू, सरपंच देवकुंवर कोशिमा, पूर्व जनपद सदस्य छगन देशमुख, तीरथ ठाकुर, शिवेंद्र देशमुख, उमराव साहू मौजूद थे।


