बॉलीवुड एक्टर और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के इलुमिनाटी के साथ संबंधों को लेकर पूरी कहानी बताई है। बता दें कि बीते साल पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के न्यूजीलैंज शो के दौरान दिलजीत के एक साइन से कुछ सोशल मीडिया पेज वालों ने चर्चा उड़ाई को दिलजीत इलुमिनाटी के साथ जुड़ गए हैं। इसे लेकर दिलजीत ने बीते दिन अमेरिका के लॉस एंजलस में एप्पल म्यूजिक स्टूडियो में दिए गए इंटरव्यू में सारी कहानी बताई। साथ ही दिलजीत ने बताया कि आखिरकार अपने पिछले वर्ल्ड टूर दिल-ल्यूमिनाटी के नाम के पीछे की कहानी क्या है और ये कहानी उतनी ही दिलचस्प है जितना उनका सफर। इलुमिनाटी की चर्चाओ से दिल-ल्युमिनाटी टूर का नाम पड़ा उन्होंने कहा कि पिछले साल न्यूजीलैंड में एक शो के दौरान उन्होंने अपने परफॉर्मेंस में एक साइन दिखाया था। जिसे वह ‘चक्र’ कहते हैं। उक्त साइन से चर्चा उठ गई कि दिलजीत दोसांझ इलुमिनाटी के साथ जुड़ गए हैं। दिलजीत ने ये स्पष्ट किया कि उन्हें ये पता तक नहीं है कि ये होता क्या है। दिलजीत आगे हंसते हुए कहा- मुझे उस समय पता भी नहीं था कि इलुमिनाटी क्या है। किसी ने छेड़ा, तो मैंने कहा अगर आपको ऐसा मजाक करना है तो चलो इसी को नाम बना देते हैं। मैंने अपने टूर का नाम रख दिया दिल-ल्यूमिनाटी और फिर मुझे इतना पसंद आया कि रख ही लिया। सरसों के तेल से हुआ था स्वागत कल यानी मंगलवार को ही दिलजीत एप्पल स्टूडियो पहुंचे थे, जहां उनका स्वागत एक अनोखे अंदाज में किया गया। जैसे ही वह स्टूडियो के अंदर आए, मेजबानों ने पारंपरिक पंजाबी अंदाज में उनके सामने जमीन पर सरसों का तेल गिराकर स्वागत किया। इस दौरान हंसी मजाक और पंजाबी संस्कृति की झलक ने माहौल को बेहद खास बना दिया। इसे लेकर दिलजीत दोसांझ की टीम द्वारा एक वीडियो शेयर किया गया। जिसमें उन्होंने कहा कि यहां पर मेरा स्वागत सरसों का तेल गिराकर किया गया। पंजाबी आर्टिस्ट का सबसे सफल टूर दिल-ल्यूमिनाटी टूर पंजाबी संगीत के इतिहास में सबसे सफल टूर साबित हुआ। अप्रैल 2024 से शुरू हुए इस सफर में दिलजीत ने भारत, नॉर्थ अमेरिका, यूरोप और मिडल ईस्ट के कई शहरों में शो किए। लाखों फैंस को आकर्षित करने वाले इस टूर ने नॉर्थ अमेरिका में 38 मिलियन डॉलर, भारत में 34.6 मिलियन डॉलर और कुल मिलाकर करीब 137 मिलियन डॉलर का कारोबार किया। यह किसी भी पंजाबी कलाकार के लिए एक अभूतपूर्व उपलब्धि है। अब दिलजीत अपने अगले म्यूज़िकल चैप्टर की तैयारी में जुट गए हैं। उन्होंने खुलासा किया कि उनका नया एल्बम Aura 24 सितंबर को रिलीज होगा। इसके साथ ही वह एक बिल्कुल नए और बड़े पैमाने के टूर पर काम कर रहे हैं। इस बार वह अपने पूरे टूर की कमाई प्रोडक्शन में लगाने वाले हैं ताकि शो का स्तर मेनस्ट्रीम पॉप कॉन्सर्ट जैसा हो सके। बता दें कि इस साल की शुरुआत में बिलबोर्ड समिट में टोरंटो मेट्रोपॉलिटन यूनिवर्सिटी (TMU) ने घोषणा की कि 2026 से एक नया कोर्स शुरू होगा, जिसमें दिलजीत दोसांझ के करियर, पंजाबी म्यूज़िक डायस्पोरा और ग्लोबल एंटरटेनमेंट में साउथ एशियन प्रतिनिधित्व पर पढ़ाया जाएगा। क्या है इलुमिनाटी और इसके पीछे की कहानी इलुमिनाटी एक ऐसा नाम है, जो अक्सर रहस्यमयी और गुप्त संगठनों की कहानियों में सुना जाता है। ऐतिहासिक रूप से इसका संबंध 18वीं सदी के अंत में जर्मनी के एक गुप्त समाज से है, जिसका उद्देश्य ज्ञान, तर्क और स्वतंत्र सोच को बढ़ावा देना था। समय के साथ, पॉप कल्चर और साजिश सिद्धांतों में इलुमिनाटी को एक शक्तिशाली गुप्त समूह के रूप में दिखाया जाने लगा। जो कथित तौर पर राजनीति, अर्थव्यवस्था और मनोरंजन जगत को पर्दे के पीछे से नियंत्रित करता है। हालांकि इसके अस्तित्व और प्रभाव को लेकर कोई ठोस प्रमाण नहीं है। लेकिन यह नाम आज भी रहस्य, शक्ति और ग्लैमर का प्रतीक बन चुका है। कई हॉलीवुड सिंगर्स और एक्टर्स का नाम इलुमिनाटी के साथ जोड़ा जाता है।


