दिल्ली की एक युवती के जयपुर में सुसाइड करने का मामला सामने आया है। चार दिन पहले ही वह होटल में किराए से रुम लेकर ठहरी थी। होटल के रुम में वह चुन्नी के फंदे से लटकी मिली। मानसरोवर थाना पुलिस ने FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए। पुलिस ने शनिवार दोपहर जयपुरिया हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। SHO (मानसरोवर) लखन सिंह खटाना ने बताया- दिल्ली के राजीव नगर करावल नगर की रहने वाली सना (21) पुत्र नोशाद ने सुसाइड किया है। 21 नवम्बर को उसने वीटी रोड स्थित एक होटल में रुम रेंट पर लिया था। चार दिन तक होटल के रुम में रहने के दौरान सना और उसके दोस्त ईदरीस ने पेमेंट भी किया था। 25 नवम्बर की रात करीब 11:15 बजे दोस्त ईदरीस होटल में सना से मिलने आया। गेट खटखटाने के बाद भी जबाव नहीं दिया। होटल काउंटर पर आकर ईदरीस ने कहा- अब तो वो सो गई होगी, कल सुबह आकर मिल लूंगा। 26 नवम्बर को सुबह 11 बजे तक सना कमरे से बाहर नहीं आई। दोस्त ईदरीस को बुलाकर होटल स्टाफ ने गेट खटखटाया। काफी आवाज लगाने और मोबाइल पर रिंग करने पर सना ने जबाव नहीं दिया। होटल मालिक की सूचना पर मानसरोवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गेट तोड़कर अंदर जाने पर सना रुम में चुन्नी के फंदे से लटकी मिली। पुलिस ने FSL टीम की मदद से सबूत जुटाकर शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को जयपुरिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पुलिस ने शनिवार दोपहर परिजनों के आने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाकर शव सौंप दिया। पुलिस ने मृतका के पास किसी प्रकार का सुसाइड नोट मिलने की बात से इनकार किया है। पुलिस आत्महत्या के कारण का पता लगाने का प्रयास कर रही है।


