भास्कर न्यूज | लुधियाना जगराओं पुल स्थित प्राचीन श्री दुर्गा माता मंदिर में मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर ट्रस्ट की ओर से आयोजित साप्ताहिक मां की चौकी में शहर के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बिट्टू जमाल एंड पार्टी की ओर से प्रस्तुत किया गया मां का गुणगान रहा, जिनकी सुरीली भेंटों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। गायक दल ने दिल वाली पालकी च तैनूं मां बिठाना ऐ और तेरे नाम दी कमली हो गई मैं कमली हो गई जैसे भजनों की शानदार प्रस्तुति दी। सुंदर भेंटों और माता के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य यजमान राजेश जैन एवं मोनिका जैन द्वारा विधि-विधान से ज्योति प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध समाजसेवी और विचारक महावीर नाहड़िया ने ट्रस्ट की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्री दुर्गा माता मंदिर ट्रस्ट धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ-साथ सामाजिक उत्थान के कार्यों में पूरे पंजाब की अग्रणी संस्था है। आयोजन के दौरान ट्रस्ट के प्रमुख सदस्य वीरेंद्र मित्तल, बलबीर गुप्ता, महावीर नाहड़िया, अंबुजेश शर्मा और अशोक द्विवेदी उपस्थित रहे। साथ ही कार्तिक जैन, मोहित जैन, कशिका, नोअम जैन, तरसेम लाल, राकेश कुमार, आर्यन, मेघा, अमित आदि नक मां के दरबार में नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया।


