बोकारो | बोकारो के सेक्टर-5बी स्थित जीजीपीएस स्कूल में 27 से 29 दिसंबर तक प्रथम दिशोम गुरु शिबू सोरेन स्मृति ट्रॉफी महिला राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। डीसी अजय नाथ झा के निर्देशानुसार जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून ने शुक्रवार को तैयारियों का जायजा लिया। देश के विभिन्न राज्यों से महिला ताइक्वांडो खिलाड़ियों की टीमें बोकारो पहुंच चुकी है। अब तक 18 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की टीमों ने रिपोर्टिंग की है। इनमें झारखंड, बिहार, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, केरल, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, कर्नाटक, पुंडुचेरी, असम, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा व पंजाब की टीम शामिल है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी रेफरी भी बोकारो पहुंच चुके हैं। इनमें आंध्र प्रदेश के संतोष श्रीरंगम, असम के इमरादुल हक, बिहार के मनोज कुमार सिंह शामिल हैं, जो प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाएंगे।


