लुधियाना| सराभा लेडीज क्लब की ओर से दि अनस्टॉपेबल पावर वॉक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को मंच देने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत प्रेरणादायक संबोधन से हुई। महिलाओं को अपने सपनों को साकार करने, चुनौतियों का डटकर सामना करने और आत्मविश्वास के साथ अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद फैशन शो का आयोजन किया गया। शो में शहर के प्रतिष्ठित डिजाइनर्स ने अपने आकर्षक डिजाइनर परिधानों का प्रदर्शन किया। क्लब की मॉडल्स ने पूरे आत्मविश्वास और गरिमा के साथ रैंप पर कैटवॉक किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर क्लब की नई कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई। नई टीम में किरण कोचर को प्रेसिडेंट, कंचन सेठी को वाइस प्रेसिडेंट, वंदना जैन को कैशियर, सरबजीत आनंद को सेक्रेटरी और रश्मि अग्रवाल को ऑडिटर नियुक्त किया गया। क्लब की डायरेक्टर शम्मी बिंद्रा ने कहा कि दि अनस्टॉपेबल पावर वॉक केवल एक फैशन शो नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मेहनत, प्रतिभा और आत्मविश्वास के दम पर नई पहचान बना रही हैं। ऐसे आयोजन उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के साथ-साथ दूसरों को प्रेरित करने का अवसर भी देते हैं। कार्यक्रम के अंत में नई टीम और क्लब की एडवाइजर्स कमल ज्योति, नीलम मनचंदा और मीनू अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया। इसके बाद सभी सदस्यों ने संगीत की धुन पर नृत्य किया और पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।


