भास्कर न्यूज | अमृतसर दुर्ग्याणा तीर्थ के श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर का शताब्दी समारोह 5 जून को होगा। इसी उपलक्ष्य में मंदिर कमेटी की तरफ से कई धार्मिक समारोह कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी के तहत कमेटी की तरफ से रविवार को मंदिर परिसर में हवन यज्ञ कराया गया। महासचिव अरुण खन्ना, संकीर्तन चेयरमैन संजीव खन्ना की अध्यक्षता और ठाकुर जी के आशीर्वाद से पंडितों ने मंत्रोच्चारण किया। पंडितों ने सबसे पहले नवग्रह पूजन और फिर सभी देवी देवताओं का आवाहन करके यज्ञशाला की पवित्र अग्नि में आहुतियां डलवाई। करीब तीन घंटे चले इस पूजन के बाद महासचिव समेत अन्य कमेटी पदाधिकारियों ने मिलकर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर की स्थापना करने वाले गोसाई मल सहाय कपूर की प्रतिमा की पूजा अर्चना की। इस मौके पर महासचिव खन्ना ने कहा कि 5 जून को सुबह ठाकुर जी के दुग्ध स्नान होंगे। इसके बाद हरिनाम संकीर्तन और शाम को गंगा महा आरती होगी। जबकि भक्तों द्वारा सरोवर किनारे 5 हजार से ज्यादा दीपक जलाए जाएंगे। इस मौके पर माधव लाल, सोमदेव, हरीश खन्ना समेत कई सदस्य मौजूद रहे।


