रविवार को शहर के विभिन्न धार्मिक स्थानों पर देवशयनी एकादशी के उपलक्ष्य में श्री खाटू श्याम बाबा का भव्य शृंगार किया गया। इस मौके पर संस्थाओं के समर्पित सदस्यों की ओर से तकरीबन पांच घंटे की मेहनत से गेंदा, गुलाब, मोगरा कलियां, चम्पा व सफेद गुलदावरी फूलों का शृंगार किया और भोग लगाकर श्रद्धालुओं ने मन्नत मांगी। विद्वानों के अनुसार, प्रभु को गुलाब और इत्र के साथ-साथ खिलौने भी चढाए जाते हैं। इसके पीछे मान्यता है कि यदि कोई निसंतान दंपती खाटू श्याम जी को खिलौने, बांसुरी और मोर छड़ी चढ़ाकर गोद भरने के लिए मन्नत मांगता है, तो उसकी यह मुराद पूरी हो जाती है। इसके साथ ही नारियल बांधकर भी अपने परिवार के लिए सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। बस्ती पीरदाद रोड के कमल विहार स्थित शिव दुर्गा खाटू श्याम मंदिर के पुजारी गौतम भार्गव ने बताया कि रविवार को एकादशी के मौके कीर्तन किया। पहले खाटू श्याम बाबा का पंचामृत से स्नान करवाकर उन्हें वस्त्र पहनाए गए। इसके बाद गेंदा, गुलाब, मोगरा कलियां, चम्पा व सफेद गुलदावरी से बाबा का शृंगार हुआ।


