भास्कर न्यूज| लुधियाना चंडीगढ़ रोड स्थित कोहाड़ा चौक के समीप नवनिर्मित श्री खाटू श्याम सालासर मंदिर में साप्ताहिक हरिनाम संकीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। ट्रस्टी प्रदीप मित्तल, संदीप अग्रवाल, एलआर मित्तल और अनिल मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित इस भक्ति संध्या में हजारों श्रद्धालुओं ने हाजरी भरी। संकीर्तन की शुरुआत पं. राज तिवारी, आचार्य दीपक पाण्डेय, पं. केशव उपाध्याय और पं. करण उपाध्याय द्वारा मंत्रोच्चारण और विधिवत पूजन के साथ हुई। इस पावन अवसर पर कमल गोयल और मोनिका गोयल परिवार द्वारा बाबा श्याम का अलौकिक शृंगार किया गया। विशेष रूप से मंगवाए गए देशी और विदेशी फूलों से सजा बाबा का दरबार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। फूलों की सुगंध और बाबा की मनमोहक छवि ने पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया। भजन गायक लक्की राही ने अपनी सुरीली आवाज से संकीर्तन में समां बांध दिया। उन्होंने जी लेंगे सरकार तेरी सरकारी में… जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। श्याम धणी का जयकारा लगते ही पूरा पंडाल गूंज उठा। मुख्य अतिथि कमल गोयल ने कहा कि बाबा श्याम की शक्ति का आधार उनकी अपने माता-पिता के प्रति अटूट सेवा और तपस्या है। उन्होंने कहा कि बर्बरीक ने माता-पिता की सेवा और श्रीकृष्ण के आदेशानुसार तपस्या कर तीन बाण प्राप्त किए। आज बाबा श्याम हारने वाले का सहारा बनकर सबकी मनोकामना पूर्ण कर रहे हैं। संकीर्तन की समाप्ति पर भव्य आरती की गई, जिसके उपरांत आयोजकों द्वारा संगत को भंडारा प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर जतिंद्र मित्तल, विजय गोयल, संजय अग्रवाल, अभिषेक गुप्ता, मनीष बजारी, दीपक मित्तल, हरीश गर्ग, अमित बंसल, प्रदीप यादव, दीपक भारद्वाज और नीरज गुप्ता सहित भारी संख्या में गणमान्य सज्जन उपस्थित रहे।


