धौलपुर के सैंपऊ थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। भरतपुर-धौलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 123 पर तसीमो कोल्ड के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चंदू का पुरा निवासी जितेंद्र पुत्र सियाराम की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर सवार किरी बाड़ी निवासी लवेंद्र पुत्र प्रेम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार आगरा के तेहरा निवासी रवि पुत्र ईश्वर प्रसाद भी घायल हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही थाना अधिकारी वीरेंद्र मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में घायल लवेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैपऊ से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मृतक जितेंद्र के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को अपने कब्जे में ले लिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दुर्घटना से मृतक के परिजनों में शोक की लहर है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


