भास्कर न्यूज | तरहसी दो बेटियों के जन्म लेने पर 26 वर्षीय पत्नी रेशमा कुमारी की हत्या कर पति ने शव को दफना दिया था। इस संबंध में मृतका के पिता सरयू प्रसाद ने सोमवार को शव की पहचान होने के बाद हत्या का मामला दर्ज कराया है। इसमें दामाद मुकेश कुमार, ससुर भवानी साहू, सास वैजयंती देवी, भसुर राजेश प्रसाद, उसकी पत्नी देवंती देवी, ननद गुड़िया गुप्ता, पति विजय साहू को आरोपी बनाया गया है। गौरतलब है कि 16 मई को गारू के लुहूरटॉड स्थित कोयल नदी तट पर दफनाया गया रेशमा का शव बरामद किया गया था। मृतक के पिता ने बताया कि घटना के बाद से दामाद फरार है। वह गारू प्रखंड कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर है और गारू में ही कमरा लेकर रहता है। उन्होंने बताया कि रेशमा का ससुराल लातेहार के सुकरी में है। दो बेटियों के जन्म के बाद से उसकी बेटी को प्रताड़ित किया जाता था। वह रेशमा डालटनगंज में रहकर अपनी दो बेटियों को पढ़ाती थी।


