दो लोहा कारोबारियों से ₹32.19 लाख की GST चोरी पकड़ाई:सतना में जांच टीम ने मौके पर राशि जमा कराई, डॉक्युमेंट्स जब्त किए

सतना के बिरसिंहपुर कस्बे में स्टेट जीएसटी विभाग ने दो लोहा कारोबारियों के यहां जांच के दौरान 32.19 लाख रुपए की जीएसटी चोरी पकड़ी है। यह राशि दोनों कारोबारियों ने मौके पर जमा कर दी। कारोबार से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं, जिनका सतना कार्यालय में परीक्षण किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में जीएसटी की राशि और बढ़ने की संभावना जताई गई है। जानकारी के मुताबिक, स्टेट जीएसटी की 15 सदस्यीय टीम ने सर्किल एक में पंजीकृत अजय प्लाईवुड एवं हार्डवेयर और गौरी हार्डवेयर एवं प्लाईवुड पर गुरुवार को दबिश दी। दस्तावेजों और स्टॉक अधिक होने के कारण मौके पर पूरी जांच नहीं हो पाई। दोनों फर्मों को सीज कर दिया गया। शुक्रवार को फिर से जांच शुरू हुई। इसमें अजय प्लाईवुड में 14.71 लाख और गौरी हार्डवेयर में 17.48 लाख की जीएसटी चोरी पकड़ी गई। आईटीसी से सेटलमेंट कर टैक्स की चोरी जांच में सामने आया कि दोनों कारोबारी महज 10 फीसदी से भी कम टैक्स जमा करते थे और 90 फीसदी राशि इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) सेटलमेंट के जरिए टैक्स चोरी कर रहे थे। जांच में सतना से जुड़े अन्य कारोबारियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले। ये व्यापारी कच्चे लोहा और अन्य बिल्डिंग मटेरियल लेकर बिरसिंहपुर के आसपास के गांवों में बेचते थे। जांच में शामिल अधिकारी इस कार्यवाही में सर्किल एक की असिस्टेंट कमिश्नर मनोरमा तिवारी, अमित सिंह, एसटीओ मृत्युंजय तिवारी, प्रियंका सोगौरा, सुदीप चतुर्वेदी, कृपा शंकर सिंह, सविता रावत, ओम दुबे समेत कई अधिकारी शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *