दौसा जिले के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर की बदतर व्यवस्थाएं सुधरने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले दिनों ड्यूटी टाइम पर एक भी डॉक्टर नहीं मिलने की लापरवाही के बाद अब नाइट ड्यूटी पर डॉक्टर नहीं मिलने का मामला सामने आया है। जिसकी शिकायत पर बुधवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सीताराम मीणा ने सीएचसी पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल के डॉक्टर निर्धारित ड्रेस कोड में नहीं थे। सीएमएचओ ने सुधार नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि मरीजों को आज के बाद चिकित्सा सुविधा का यह गेट कभी बंद नहीं मिलना चाहिए। पहले देखें निरीक्षण से जुड़ी फोटो… यह था पूरा मामला दरअसल, मंगलवार रात करीब 8 बजे स्थानीय निवासी एक गर्भवती को डिलीवरी के लिए परिजन अस्पताल लेकर आए थे, जहां नाइट शिफ्ट का एक भी डॉक्टर ड्यूटी पर नहीं मिला। काफी देर तक परेशान होने के बाद परिजन मजबूरन महिला को सिकराय उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी सकुशल डिलीवरी कराई गई। प्रसूता के परिजनों ने मानपुर अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलने की शिकायत सीएमएचओ से की। CCTV से हुई शिकायत की पुष्टि सीएमएचओ ने सीएचसी पहुंचकर परिसर का दौरा करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद अस्पताल प्रभारी से नाइट ड्यूटी में डॉक्टर नहीं मिलने की शिकायत के बारे में जानकारी ली। शिकायत की पुष्टि करने के लिए सीएमएचओ ने सीसीटीवी फुटेज देखे तो पूरा मामला सही पाया गया। इस पर सीएमएचओ ने रोस्टर वाइज ड्यूटी चार्ट तैयार कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की हिदायत दी। सुधार के निर्देश दिए हैं- CMHO सीएमएचओ डॉ. सीताराम मीणा ने बताया कि बीते दिनों अस्पताल में 3 घंटे तक एक भी डॉक्टर नहीं मिलने का गंभीर मामला सामने आया था। जिसके बाद बीती रात को नाइट शिफ्ट में डॉक्टर नहीं मिलने की शिकायत मिली थी। अस्पताल में डॉक्टर्स की लापरवाही को लेकर बार-बार मिल रही शिकायतें गंभीर मामला है। अस्पताल प्रभारी को व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए हैं।


