मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत दौसा जिले में पशुओं का बीमा कार्य शुरू हो गया है। जिले में पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर 37 हजार 750 पशुओं का बीमा किया जाएगा। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक प्रहलाद मीना ने बताया कि पशुधन का निःशुल्क बीमा कर पशुपालकों को वित्तीय सुरक्षा, आर्थिक सुदृढ़ीकरण प्रदान करने के उद्देश्य से इस साल बजट में सीएम मंगला पशु बीमा योजना की घोषणा की थी। इस योजना के तहत लाभ लेने के लिये जिले के सभी जनआधार कार्ड धारक पशुपालक पात्र होंगे। उन्होंने बताया- बीमा के लिए पशुओं की टैंगिंग अनिवार्य है। एक पशुपालक के अधिकतम 2 दुधारू पशु (गाय, भैंस अथवा दोनों), 10 बकरी, 10 भेड़ एवं 10 उष्ट्रवंश के पशुओं का निःशुल्क बीमा किया जाएगा। यह बीमा एक वर्ष की अवधि के लिए किया जाएगा तथा इसके लिए पशुपालकों को कोई प्रीमियम नहीं देना होगा। बीमा राशि का निर्धारण पशु की नस्ल, उम्र व दुग्ध उत्पादन क्षमता के आधार पर किया जाएगा। लेकिन किसी भी स्थिति में बीमा की अधिकतम राशि 40 हजार रुपए से अधिक नहीं होगी। गांवों में लगेंगे शिविर
उन्होंने बताया कि पशुपालन विभाग द्वारा राजस्व ग्रामों में शिविरों का आयोजन कर पशुओं का बीमा करवाया जाएगा। प्रत्येक ग्राम में एक निर्धारित दिनांक को शिविर का आयोजन किया जाएगा। अपने ग्राम की शिविर तिथि का पता करने के लिये पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी से सम्पर्क कर सकते हैं। पशुपालक बीमा कार्य इसके लिए रजिस्ट्रेशन एप या पोर्टल पर पशुपालक स्वयं कर सकते हैं अथवा ई-मित्र से भी करवा सकते हैं।


