धनबाद पुलिस ने बैंक मोड़ थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 10 मोबाइल फोन, 38 एटीएम कार्ड, 16 सिम कार्ड और फिंगर प्रिंट क्लोन करने की सामग्री सहित साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। नगर अधीक्षक ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल मैहर में छापेमारी की। इस अभियान में बैंक मोड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, एसआई तारिक वासिम, एसआई अभय कुमार, एसआई शबाज अंसारी और आरक्षी नरेंद्र कुमार सहित अन्य बल शामिल थे। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान सूरज चौहान (गौतम बुद्ध नगर, नोएडा), साहिल खा (सेक्टर 49 जीबीटी, उत्तर प्रदेश), पिंटू कुमार मंडल (बुधुडीह, गिरिडीह), बिकु साह (विक्रमगंज, रोहतास, बिहार) और बसंत कुमार मंडल (भूली ई ब्लॉक, धनबाद) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये लोग फर्जी तरीके से बैंक खाते खोलकर और एटीएम कार्ड बनाकर साइबर अपराध को अंजाम दे रहे थे। इनके पास से बरामद मोबाइल फोन में कई एटीएम कार्ड और बैंक खातों की जानकारी मिली है, जिनके खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि ये अपराधी फर्जी एपीके फाइल और एसएमएस के जरिए लोगों को ठग रहे थे। बरामद सामग्री में 10 मोबाइल, 38 एटीएम कार्ड, 6 हजार रुपए नकद, बैंक खातों के 203 पेज के फोटो, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो, फिंगर प्रिंट क्लोन की सामग्री, एक एम-एटीएम और पेटीएम कंपनी की दो पीओएस मशीनें शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में बैंक मोड़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


