छत्तीसगढ़ के धमतरी में घड़ी चौक पर फुटकर सब्जी विक्रेताओं ने अचानक बीच सड़क पर पसरा लगा दिया। इससे मौके पर जाम की स्थिति बन गई और भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। दरअसल, गोल बाजार में पसरा लगाकर सब्जी बेचने वाले कुछ व्यापारी घड़ी चौक के पास बीच सड़क पर सब्जी लेकर बैठ गए। देखते ही देखते महिलाएं सड़क पर सब्जी बेचने लगीं और ग्राहकों को आवाज देकर बुलाने लगीं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया। गोल बाजार की फुटकर व्यवसायी ज्योति सोनकर ने बताया कि घड़ी चौक पार्किंग की जगह है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब गोल बाजार में ग्राहक नहीं आ रहे हैं, तो वे क्या करेंगे। उन्होंने खुद भी घड़ी चौक के पास आकर सब्जी बेचना शुरू कर दिया था। सब्जी पसरा को लेकर व्यवसायियों की मांग उनकी मांग है कि सब्जी पसरा घड़ी चौक के पास नहीं लगना चाहिए, लेकिन अगर लगता है तो उन्हें भी जगह मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि इस मांग को लेकर वे महापौर से भी मिले थे, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कम दाम पर सब्जी बेचने का दावा वहीं, घड़ी चौक पर व्यापार करने वाले फुटकर व्यवसायी रोशन सोनकर ने बताया कि वे सब्जी कम दाम में लाकर कम दाम में ही बेचते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे व्यवसायी 10 रुपए में लाकर 40 रुपए में बेच रहे हैं। जगह नहीं मिलने पर जताई नाराजगी ग्राहक वहीं से खरीदारी करते हैं, जहां उन्हें दो रुपए कम मिलते हैं। इसी वजह से वे विरोध करने घड़ी चौक पहुंचे थे। उन्होंने यह भी बताया कि बाजार में उनके लिए जगह ही नहीं है और अगर उन्हें दूसरी जगह दी जाती है, तो वे वहां जाने के लिए तैयार हैं।


