छत्तीसगढ़ के धमतरी में बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने साइबर थाने का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर धमतरी सहित प्रदेश के कुल 8 जिलों में साइबर थानों का वर्चुअल उद्घाटन किया गया। धमतरी में साइबर थाना अर्जुनी थाने के पीछे बनाया गया है। इसका विधिवत रिबन काटकर उद्घाटन किया गया। जिला पुलिस बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रयासरत है। जिले में साइबर थाने का खुलना एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने एसपी सूरज सिंह परिहार से साइबर थाने के लिए अलग बल और टीम देने का आग्रह किया, ताकि कार्य बेहतर ढंग से हो सके। साइबर अपराध रोकने की दिशा में नया कदम- अरुण सार्वा जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि यह जिला पुलिस और जिलेवासियों के लिए एक नया आयाम है, क्योंकि नए तरीकों से हो रहे अपराधों को रोकने के लिए नए तरीके खोजना आवश्यक है। साइबर थाना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि- कलेक्टर कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि साइबर अपराध तेजी से बढ़े हैं और साइबर थाने से इन पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। उन्होंने नए थाने के लिए पुलिस अधीक्षक और जिलेवासियों को बधाई दी। लंबित मामलों की जांच भी शुरू होगी एसपी ने बताया कि साइबर थाने का विधिवत शुभारंभ हो गया है और इसके लिए स्टाफ भी तय कर दिया गया है। नई रिपोर्टों के साथ-साथ पुराने लंबित मामलों पर भी जांच शुरू की जाएगी। इससे साइबर अपराधों के साथ-साथ अन्य अपराधों के खुलासे में भी काफी मदद मिलेगी। आवश्यकता पड़ने पर महिलाओं को भी इस टीम में शामिल किया जा सकता है।


