आस्था के महापर्व महाशिवरात्रि को लेकर धरमपुरी में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। पर्व को भव्य और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार शाम 5 बजे जनपद पंचायत भवन में प्रशासन और नगर के गणमान्य नागरिकों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य रूप से भगवान श्री बिल्वामृतेंश्वर महादेव की राजसी सवारी और पारंपरिक मेले के आयोजन पर विस्तृत चर्चा हुई। राजसी सवारी और मेला आयोजन पर हुई चर्चा बैठक में महाशिवरात्रि से एक दिन पूर्व निकलने वाली श्री बिल्वामृतेंश्वर महादेव जी की भव्य राजसी सवारी को लेकर रूट और सुरक्षा व्यवस्था तय की गई। इसके साथ ही, पर्व के दौरान लगने वाले मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बुनियादी सुविधाओं पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करेंगे। इन व्यवस्थाओं पर रहेगा विशेष ध्यान प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक में कई अहम बिंदुओं पर दिशा-निर्देश दिए: साफ-सफाई: मंदिर परिसर, सवारी मार्ग और मेला क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। बिजली और स्वास्थ्य: निर्बाध बिजली आपूर्ति और आपातकालीन स्थिति के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की तैनाती रहेगी। सुरक्षा और ट्रैफिक: भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात प्रबंधन और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। बैठक में मनावर एसडीएम प्रमोद गुर्जर, एसडीओपी बृजेश मालवीय, तहसीलदार कुणाल अवस्या और टीआई संतोष सिंह यादव सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शांति व्यवस्था बनाए रखने और परंपराओं का पालन करते हुए पर्व मनाने की अपील की है।


