सरगुजा पुलिस ने धर्मांतरण कराने के आरोप में रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर ओमेगा टोप्पो को गिरफ्तार किया है। ओमेगा टोप्पो के निवास पर करीब एक साल से चंगाई सभा का आयोजन हर रविवार को होता था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग पहुंचते थे। हिंदुवादी संगठनों ने चंगाई सभा की आड़ में धर्मांतरण का आरोप लगाया विरोध किया तो पुलिस ने ओमेगा टोप्पो के निवास पर पहुंचकर कार्रवाई की और मामले में अपराध दर्ज किया गया था। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर ओमेगा टोप्पो के नमनाकला स्थित घर में 26 जनवरी को चंगाई सभा आयोजित करने की जानकारी मिलने पर हिंदुवादी संगठनों से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे। ओमेगा टोप्पो के घर में चंगाई सभा आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 50 से 60 लोग शामिल होने पहुंचे थे। हिंदुवादी संगठनों ने आरोप लगाया कि चंगाई सभा में कम से कम चार-पांच लोगों के धर्मांतरण की कोशिश की जा रही है, जो हिंदू धर्म के हैं। पुलिस टीम को रोका, दर्ज हुई FIR हिंदुवादी संगठनों से जुड़े लोग जब ओमेगा टोप्पो के घर पहुंचे तो वहां गाड़ियों की लाइन लगी थी एवं कथित प्रार्थना सभा में करीब 50 से 60 लोग शामिल थे। सूचना पर गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची तो ओमेगा टोप्पो ने पुलिसकर्मियों से उनका पहचान पत्र एवं कार्रवाई करने के लिए आवश्यक आदेश की कापी मांगी। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी पुलिस टीम से कहा कि वे अंदर प्रार्थना सभा में नहीं जा सकते। प्रार्थना सभा समाप्त होने के बाद वे लोगों से बात कर सकते हैं। आयोजकों ने एक रजिस्टर भी पुलिस को दिखाया जिसमें चंगाई सभा में आने वालों के नाम लिखे थे एवं हस्ताक्षर थे। पुलिस ने रजिस्टर को जब्त किया। जांच में पता चला कि प्रत्येक रविवार को यहां चंगाई सभा में बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। आयोजन की कभी भी अनुमति नहीं ली गई।
मामले में हिंदुवादी संगठनों से जुड़े रोशन तिवारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 270, 299 बी. एन. एस. एवं छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्रय अधिनियम की धारा 5 (क) के तहत ओमेगा टोप्पो एवं अन्य के खिलाफ जुर्म दर्ज किया था। फरार हो गई थी रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर, गिरफ्तार गांधीनगर पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए ओमेगा टोप्पो को थाने बुलाया था। वह थाने से निकली और फरार हो गई थी। पुलिस को उसके घर वापस लौटने की जानकारी मिली तो पुलिस ने दबिश देकर ओमेगा टोप्पो (66 वर्ष) को गिरफ्तार किया। गांधीनगर थाना प्रभारी गांधीनगर प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि आरोपी ओमेगा टोप्पो को कोर्ट में पेश कर दिया गया है।


