भास्कर न्यूज | जालंधर सेठ हुकम चंद कॉलोनी के मुख्य पार्क में हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें पावन बलिदान दिवस पर धर्म सम्मेलन करवाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु साहिब के चरणों में शीश नवाया। धर्म सम्मेलन की अध्यक्षता सेवानिवृत्त मेजर जनरल बलविंदर सिंह ने की, जबकि जगदीश कुमार भटारा मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। पंजाब प्रांत प्रचार प्रमुख अजय कुमार, हरविंदर सिंह नागी और रेखा कालिया भारद्वाज शामिल रहे। जिन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, धर्म की रक्षा के लिए दिए गए महान बलिदान और मानवता के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के आयोजन में हेमंत कालिया, मोहिंदर पाल, केडी भंडारी, दीपक चावला सहित अन्य समाजसेवियों का अहम योगदान रहा। मंच संचालन विक्रम अरोड़ा ने किया। सम्मेलन में महिला शक्ति की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम के समापन के बाद लंगर प्रसाद का वितरण किया गया।


