धार शहर की गुलमोहर कॉलोनी और जिला अस्पताल में हुए मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने शनिवार को चार फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना पिछले दिनों हुई थी, जब पुराने विवाद के चलते दो पक्षों के बीच पहले गुलमोहर कॉलोनी में मारपीट हुई और फिर जिला अस्पताल परिसर में भी विवाद बढ़ गया। विवाद में घायल हुए दोनों पक्ष इलाज के लिए धार जिला अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल परिसर में इलाज के दौरान वे फिर आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने दोनों घटनाओं का संज्ञान लिया। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। प्रकरण दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे, जिनकी तलाश पुलिस लगातार कर रही थी। कोतवाली पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गुलमोहर कॉलोनी क्षेत्र से आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अजगर पिता सुल्तान बागवान, कासिम पिता अजगर बागवान, शाहरुख पिता मुजुलाला और वसीम पिता पिरख्श पटेल शामिल हैं। ये सभी धार की गुलमोहर कॉलोनी के निवासी हैं। नगर पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा ने बताया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।


