धार में 3 करोड़ का स्विमिंग पूल शुरू:महीने की फीस 2500 रुपए; कांग्रेस बोली- आदिवासी जिले के गरीबों के साथ छल

धार शहर के उदय रंजन क्लब परिसर में रविवार को 3 करोड़ की लागत से बने नेशनल लेवल के स्विमिंग पूल का उद्घाटन विधायक नीना वर्मा ने किया। यह पूल पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर ध्रुव स्विमिंग इंस्टीट्यूट द्वारा संचालित होगा। संस्थान ने आम नागरिकों के लिए स्विमिंग का मंथली चार्ज जीएसटी सहित 2500 रुपए तय किया है। वहीं, कोचिंग के लिए सालाना फीस 18,000 रुपए होगी। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि धार में लंबे समय से एक आधुनिक स्विमिंग पूल की जरूरत थी, जो अब पूरी हुई है। यह पूल बच्चों के लिए एक नर्सरी के रूप में कार्य करेगा। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए इसे शहर के बीच में बनाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निजी संस्था द्वारा संचालन के कारण शुल्क उन्हीं के स्तर पर तय किया गया है। हालांकि, भविष्य में मेधावी और जरूरतमंद खिलाड़ियों को स्कॉलरशिप देने पर विचार किया जा रहा है। बैडमिंटन के बाद अब तैराकी में आगे बढ़ेगा धार विधायक नीना वर्मा ने इसे ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि शहर में पहले से ही बैडमिंटन की एक मजबूत नर्सरी है। अब स्विमिंग के क्षेत्र में भी धार आगे बढ़ेगा। इससे यहाँ के बच्चे प्रदेश और देश में शहर का नाम रोशन कर सकेंगे। इस दौरान एसपी मयंक अवस्थी भी मौजूद थे। कांग्रेस ने उठाए सवाल- इतनी फीस कैसे देंगे गरीब? उद्घाटन के साथ ही कांग्रेस ने प्रोजेक्ट पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस जिला प्रवक्ता अजय सिंह ठाकुर ने इसे आदिवासी जिले की जनता के साथ ‘छल’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब और आदिवासी बच्चों को स्विमिंग पूल के नाम पर बड़े सपने दिखाए गए, लेकिन निर्धारित शुल्क उनकी पहुँच से बाहर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *