धौलपुर में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह आरएसी परेड ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के उपरांत गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जिला कलेक्टर ने अपने संबोधन में देश के अमर शहीदों के बलिदान को स्मरण किया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर हरिराम मीणा ने राज्यपाल का संदेश पढ़कर सुनाया। पुलिस और आरएसी के जवानों ने अनुशासित परेड का प्रदर्शन किया, साथ ही हैरतअंगेज करतब भी दिखाए। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिससे दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी, पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पूरे परेड ग्राउंड में ‘भारत माता की जय’ और ‘अमर शहीदों के जयघोष’ गूंजते रहे। विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां निकाली गईं, जिनमें विभागीय योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारी और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से सराबोर नजर आया।


