बारां जिले में गणतंत्र दिवस समारोह कृषि उपज मंडी प्रांगण में उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। समारोह की शुरुआत सुबह साढ़े 8 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय में ध्वजारोहण से हुई, जिसके बाद मुख्य समारोह स्थल पर सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। मुख्य समारोह में राजस्थान पुलिस दल, सशस्त्र दल, गृह रक्षा दल, स्टूडेंट्स पुलिस कैडेट, स्काउट गाइड और जनजातीय दल ने भव्य परेड का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने सामूहिक व्यायाम और पीटी परेड का विशेष प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त, छात्रों ने देशभक्ति के नारों के साथ प्रभात फेरी का आयोजन भी किया। आकर्षण का केंद्र रही झांकियां
इस अवसर पर शहीदों के परिवारों और स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया गया। पुलिस बैंड ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की थीम पर वादन प्रस्तुत किया। विभिन्न सरकारी विभागों की आकर्षक झांकियां भी प्रदर्शित की गईं, जिनमें वन, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, आयुर्वेद, नगर परिषद और कृषि विभाग की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इन झांकियों के माध्यम से जिले की विकास योजनाओं और उपलब्धियों को दर्शाया गया। रस्सी, मलखम्भ और पिरामिड के माध्यम से योगा प्रस्तुति भी दी गई।


