जयपुर में आयोजित राजस्थान अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में धौलपुर की टीम ने अपने पहले मुकाबले में बीकानेर को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। यह मैच राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के देखरेख में खेला गया। 40 ओवर के इस मैच में बीकानेर की टीम 131 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। धौलपुर के गेंदबाज पंकज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 29 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। बीकानेर के लिए अनुपम बिश्नोई ने सर्वाधिक 40 गेंदों पर 32 रन का योगदान दिया। 132 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए धौलपुर की टीम ने 21.1 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 132 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। धौलपुर के सलामी बल्लेबाज समर प्रताप चौहान ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 70 गेंदों पर 13 चौकों की मदद से 69 रन बनाए। यह प्रतियोगिता जयपुर में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के देखरेख में जारी है। धौलपुर की टीम अपना अगला मैच गुरुवार को चूरू के विरुद्ध खेलेगी।


