धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र के अतराज का पूरा गांव में सोमवार को खेत की मेड को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें एक पक्ष के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। कंचनपुर पुलिस ने सभी घायलों को धौलपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है। घायलों की पहचान साहब सिंह, वकील, ऐदल सिंह, पप्पू, रेखा और निशा निवासी अतराज का पूरा के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, खेत की मेड को लेकर दोनों पक्षों में पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था। सोमवार को विवाद अचानक बढ़ गया और मारपीट लाठी-डंडों और फरसों के इस्तेमाल तक पहुंच गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि प्रेम सिंह, बच्चू और महेंद्र ने कथित तौर पर अन्य महिलाओं के साथ मिलकर उनके घर में घुसकर हमला किया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


