सागर| शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में आलू की फसल पूरी तरह तैयार हो चुकी है। किसानों ने खेतों से आलू निकालना शुरू कर दिया है, जिससे आने वाले दिनों में बाजार में नए आलू की आवक तेजी से बढ़ने वाली है। इसका सीधा असर आलू के दामों पर देखने को मिलेगा। बीते एक हफ्ते पहले तक थोक और खुदरा बाजार में आलू 40 से 50 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा था, लेकिन अब नए आलू की आवक बढ़ने से इसके दाम गिरकर 5 से 8 रुपए प्रति किलो तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। जिले में इस बार आलू की पैदावार अच्छी हुई है। मौसम अनुकूल रहने और सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था के कारण फसल की गुणवत्ता भी बेहतर बताई जा रही है। किसानों का कहना है कि खुदाई का काम तेज हो गया है और अगले 10 से 15 दिनों में बड़ी मात्रा में आलू मंडियों तक पहुंच जाएगा। वहीं सब्जी व्यापारियों का कहना है कि नई फसल आने से पुराना स्टॉक धीरे-धीरे निकल जाएगा। उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।


