सुकमा| घोर नक्सल प्रभावित रायगुड़म कैंप अंतर्गत जब्बागट्टा के जंगल से सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में नक्सलियों का डंप सामान बरामद किया है। नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षाबलों ने सर्च अभियान चलाया था। जब्बागट्टा के जंगल से नक्सलियों के द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से छुपाकर रखे भारी मात्रा में बंदूक, विस्फोटक सामग्री व अन्य नक्सली सामग्रियां बरामद किया गया। पुलिस अफसरों ने बताया कि नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में घने जंगल और पहाड़ के बीच हथियारों को छुपा रहे हैं। लगातार नक्सल संगठन को हो रहे नुकसान से नक्सलियों में बौखलाहट बढ़ गई है। 3 देसी भरमार बंदूक, 6 लोहे का स्पाइक, डेढ़ किलो वजनी 2 टिफिन बम, 20 किलो यूरिया, 15 मीटर बिजली तार, 5 सोलर बैटरी, मच्छरदानी आदि बरामद हुआ।


