नगरी माता भंडारे में 25 हजार भक्तों ने लिया प्रसाद:सतपुड़ा पहाड़ी पर दिनभर लगी रही भक्तों की भीड़, माताओं का विशेष श्रृंगार

बड़वानी जिले के अंजड़ स्थित सतपुड़ा पहाड़ी पर नगरी माता मंदिर में बुधवार को भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। हजारों भक्तों ने माता के दर्शन किए और कड़ी-खिचड़ी का प्रसाद लिया। भंडारे की व्यवस्थाओं को संभालने के लिए सुबह से ही 300 से अधिक सेवादार जुटे थे। यह भंडारा बुधवार शाम को शुरू होकर देर रात तक चला। माताओं का किया गया विशेष श्रृंगार सुबह 7:30 बजे मंगला आरती के बाद, पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बड़ी इंजु और छोटी नगु माताजी का पूजन-अर्चन और अभिषेक किया। इसके बाद माताओं को मनमोहक परिधान पहनाकर फूलों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। शाम 5 बजे माताजी को कड़ी, खिचड़ी और नुक्तिदाने की प्रसादी का भोग लगाया गया। इसके बाद सैकड़ों कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोज करवाया गया। इसके बाद ही भंडारा प्रसादी का वितरण शुरू हुआ, जो देर रात तक जारी रहा। कलाकारों ने माता के दर पर गाये भजन शाम 7 बजे संगीतमय महाआरती की गई। इसके बाद मंदिर प्रांगण में भजन संध्या का आयोजन हुआ। इसमें गायक कलाकारों ने माता के भजनों के साथ-साथ देशभक्ति के गीतों से भी समा बांधा, यह कार्यक्रम भी देर रात तक चला। नगरी माता की पहाड़ी पर स्थित मंदिर को आकर्षक फूलों से सजाया गया था। प्रांगण में स्थापित सभी देवालयों पर रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा की गई थी, और रास्ते भर भगवा ध्वज लगाए गए थे। पहाड़ी पर वाहनों के जाने पर लगाई रोक अत्यधिक भीड़ को देखते हुए पहाड़ी पर वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी। वाहनों की पार्किंग व्यवस्था पहाड़ी के नीचे शीतला माता मंदिर के आसपास की गई थी। इस आयोजन में नगर परिषद ने साफ-सफाई और पेड़ों की कटाई-छंटाई में सराहनीय सहयोग दिया। नगर और क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों समेत अनेक समाज प्रमुखों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस प्रशासन भी दल-बल के साथ व्यवस्था बनाए रखने में मुस्तैद रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *