कोंडागांव में नगर पालिका चुनाव के दौरान एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जहां दो प्रमुख प्रतिद्वंदी दलों के उम्मीदवारों ने राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच मित्रता की मिसाल पेश की। अस्पताल वार्ड से कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी तरुण गोलछा और भाजपा प्रत्याशी संतोष पात्र जब प्रचार के दौरान आमने-सामने आए, तो दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाकर हालचाल पूछा। पिछले चुनाव में भी दोनों नेता इसी वार्ड से चुनाव लड़े थे, जिसमें तरुण गोलछा ने संतोष पात्र को मात्र 90 वोटों के अंतर से हराया था। इस बार भी दोनों एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में हैं, लेकिन उनकी दोस्ती में कोई कमी नहीं आई है। दोनों नेताओं ने कहा- राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, मनभेद नहीं दोनों नेताओं ने भास्कर से बातचीत में कहा कि राजनीतिक विचारधारा भले ही अलग हो, लेकिन दोस्ती कभी अलग नहीं होती। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव में कोई भी जीते, उन्हें कोई मलाल नहीं होगा, क्योंकि आखिरकार एक दोस्त ही जीतेगा। उनका मानना है कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए। इस अनूठी मित्रता की तस्वीर ने स्थानीय लोगों में खूब चर्चा जगाई। लोगों का कहना है कि राजनीति में ऐसा ही होना चाहिए, क्योंकि जीतने के बाद प्रत्याशी केवल अपनी पार्टी का नहीं, बल्कि पूरी जनता का सेवक बन जाता है। यह नहीं देखा जाना चाहिए कि किसने वोट दिया और किसने नहीं। यह घटना आज की कटु राजनीति में एक सकारात्मक संदेश देती है।


