लुधियाना| गुरु तेग बहादुर नगर स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा से आज गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन की अगुवाई पंज प्यारों ने की और गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया में संगत पूरे मार्ग में श्रद्धा के साथ शामिल रही। नगर कीर्तन गुरु तेग बहादुर नगर से शुरू होकर भाई हिम्मत सिंह नगर, 200 फीट रोड दुगरी से होता हुआ शाम तक गुरुद्वारा साहिब में संपन्न हुआ। पूरे रास्ते वातावरण भक्ति और सेवा की भावना से भरा रहा। स्कूलों के बच्चों, गतका टीमों और स्त्री सत्संग सभा की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों के धार्मिक गीत और साइकिलों पर लगे छोटे निशान साहिब सभी को आकर्षित करते रहे। गतका टीमों ने तलवारबाज़ी और फुर्तीले करतब दिखाकर संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। मार्गभर फूलों की वर्षा और लंगर सेवा जारी रही। प्रमुख सेवादार हरप्रीत सिंह, जसवंत सिंह पंच, इंदरजीत सिंह, दविंदरजीत सिंह, चरणजीत सिंह खालसा, मंगा सिंह और दलजीत सिंह भी मौजूद रहे।


