चाईबासा| बाल मंडली में भारतीय जनता पार्टी नगर इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक आगामी नगर परिषद चुनाव एवं झारखंड सरकार द्वारा जारी की गई अधिसूचना में व्याप्त त्रुटियों के विरोध को लेकर नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि भारतीय जनता पार्टी नगर इकाई, चाईबासा की ओर से पूर्व घोषित 7 जनवरी 2026 को नगर परिषद कार्यालय के समीप एकदिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह धरना प्रदर्शन झारखंड सरकार द्वारा नगर निकाय चुनाव में अपनाई जा रही गलत एवं जनविरोधी चुनाव प्रणाली के खिलाफ होगा। बैठक में विशेष रूप से निम्नलिखित तीन प्रमुख मांगों को प्रमुखता से उठाया गया जिसमें नगर निकाय चुनाव ईवीएम (एबीएम) मशीन के स्थान पर बैलट पेपर से कराए जाए।नगर परिषद चुनाव दलीय प्रणाली के आधार पर कराए जाए। नगर परिषद चुनाव टालने की प्रवृत्ति पर रोक लगाते हुए शीघ्र चुनाव की तिथि घोषित की जाए। इसके साथ ही बैठक में नगर परिषद चाईबासा के अंतर्गत व्याप्त गंभीर समस्याओं पर भी चर्चा की गई, जिनमें विकास कार्यों में भ्रष्टाचार, शहर में गंदगी एवं कचरा उठाव की बदहाल स्थिति, तथा लगातार बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या प्रमुख हैं।


