भास्कर न्यूज | अंबिकापुर मौसम में बदलाव के साथ ही शहर सहित जिले में इन दिनों तीखी धूप और गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। बीते कुछ दिनों से क्षेत्र में तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 1 अप्रैल को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस था, जो 6 अप्रैल तक बढ़कर 37.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इस परिवर्तन से दिन के समय में अत्यधिक गर्मी और उमस महसूस हो रही है। गर्मी में विशेष कारण पश्चिम दिशा से आ रही गर्म हवाएं हैं, जो तापमान को और भी बढ़ा रही हैं। साथ ही, नम हवा का प्रभाव खत्म होने से रात के समय में भी तापमान बहुत अधिक नहीं गिर पा रहा है, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसान दायक है। हालांकि, रात में कुछ राहत मिलती है, लेकिन दिन के समय की बढ़ी हुई गर्मी से लोगों का परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि वे पिछले कुछ दिनों से मौसम के इस बदलाव को महसूस कर रहे हैं। इस बढ़ती गर्मी के कारण, लोग अब अपने घरों में ही अधिक समय बिता रहे हैं और शेड में बैठकर काम करने की कोशिश कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अभी कोई चक्रवाती सिस्टम नहीं है और पश्चिमी हवा आ रही है। इससे तापमान में बढ़ोतरी होगी। {1 अप्रैल 34.8 {2 अप्रैल 34.7 {3 अप्रैल 34.5 {4 अप्रैल 33.8 {5 अप्रैल 36.5 {6 अप्रैल 37.2 गर्मी से बचने तरल पदार्थ का सेवन करें स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्रकार के गर्मी के असर से स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ सकती हैं। गर्मी के कारण शरीर में जलन, डिहाइड्रेशन, लू लगने जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में लोगों को खासतौर पर अपनी सेहत का ध्यान रखना बहुत जरूरी हो गया है। पानी का पर्याप्त सेवन, हल्के कपड़े पहनना और बाहर निकलते समय सिर पर कोई कपड़ा या टोपी रखना आवश्यक है।


