नमो ड्रोन दीदी, सोलर दीदी, लखपति दीदी की प्रगति जांची:डीडवाना कलेक्टर ने ग्रामीण विकास पर दिया जोर

डीडवाना में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शनिवार को समीक्षा बैठक हुई। जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने कलेक्ट्रेट सभागार में इसकी अध्यक्षता की। बैठक में डॉ. खड़गावत ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान, अटल ज्ञान केंद्र, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना और पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने राजीविका की विभिन्न गतिविधियों की भी जानकारी ली। जिला कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने, स्वामित्व योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को शीघ्र पट्टे जारी करने और अटल ज्ञान केंद्रों को समय पर शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभार्थियों को भुगतान राशि जल्द जारी करने पर भी जोर दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने राजीविका के अंतर्गत संचालित नमो ड्रोन दीदी, सोलर दीदी, लखपति दीदी, बैंक सखी, कृषि सखी एवं पशु सखी कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने महिलाओं को अधिक से अधिक प्रशिक्षण देने और इन योजनाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर बल दिया। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन लाल खटनावलिया, तहसीलदार ओमप्रकाश मेव सहित सभी विकास अधिकारी और संबंधित विभागों के कार्मिक उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *