भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नरसिंहगढ़ स्थित स्लीपर फैक्ट्री के समीप रविवार को रेलवे के अप ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पोल संख्या 203/1 के पास से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि उक्त व्यक्ति किसी ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस द्वारा की गई पहचान में मृतक की पहचान नरसिंहगढ़ निवासी मनो मान्ना (58 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले को लेकर रेलवे पुलिस एवं स्थानीय थाना द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।


