नर्मदापुरम से इंटरसिटी ट्रेन से भोपाल रवाना हुए सीएम यादव:नर्मदापुरम में इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने का ऐलान; सेठानी घाट में पूजन-अभिषेक किया

मध्यप्रदेश में मंगलवार को नर्मदा जयंती पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नर्मदापुरम में मां नर्मदा का प्रकटोत्सव और शहर का गौरव दिवस एक साथ मनाए जा रहा है। सोमवार को मंगलाचरण के साथ दो दिवसीय महोत्सव शुरू हुआ। सीएम डॉ. मोहन यादव मंगलवार शाम करीब 6 बजे नर्मदापुरम पहुंचे। उन्होंने सेठानी घाट पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मां नर्मदा का पूजन-अभिषेक किया। उन्होंने मंच से नर्मदापुरम में सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने की घोषणा की। सीएम यादव यहां पहुंचे तो हेलिकॉप्टर से थे, लेकिन बाद में वे इंटरसिटी ट्रेन से भोपाल के लिए रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत की। सीएम को अपने बीच पाकर आम यात्री भी उत्साहित दिखे। सीएम ने कहा कि मंत्री-मुख्यमंत्री भले ही बन जाएं, लेकिन आम व्यक्ति की तरह जनता की जड़ों से जुड़े रहना चाहिए। ये परंपरा कायम रहनी चाहिए। इसलिए हमने कहा कि नर्मदा जी के कार्यक्रम में आएंगे, लेकिन ट्रेन से जाएंगे। ये हमारे लिए सौभाग्य की बात है। बदलते दौर में ट्रेनों का भी कितना अच्छा स्वरूप बना है। सांसद-विधायकों समेत जल मंच पर बैठे 75 लोग
आयोजन के लिए बनाए जल मंच पर 75 लोग बैठे। इनमें मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव के अलावा फ्रंट पर लेफ्ट साइड से विधायक प्रेम शंकर वर्मा, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह राजपूत, डॉक्टर सीतासरण शर्मा, सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नरोलिया, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव सबसे आखिरी में बैठे। नर्मदापुरम में शराबबंदी करने की मांग
इस दौरान नर्मदापुरम विधायक डॉक्टर सीताशरण शर्मा ने सीएम से नर्मदा लोक के दूसरे चरण के लिए 30 करोड़ और शासकीय इंजीनियर कॉलेज, नगर को धार्मिक नगरी में शामिल कर शराबबंदी करने और पर्यटन के क्षेत्र में अधिक काम करने की मांग की। वहीं, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने भी नर्मदापुरम शहर को धार्मिक नगरी घोषित कर शराब यहां बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 17 धार्मिक नगरी में शराबबंदी का अहम फैसला लिया गया है, हम चाहते हैं कि नर्मदापुरम में भी इसे लागू किया जाए। नर्मदापुरम में खुलेगा सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज
कार्यक्रम के बाद सीएम ने शराबबंदी वाली बात को दरकिनार करते हुए कहा कि नर्मदापुरम में नर्मदा तट से 5 किमी दायरे से बाहर शराब दुकानें पहले से हैं। सीएम ने नर्मदापुरम में सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने की घोषणा जरूर की। सीएम ने किया मां नर्मदा का पूजन-अभिषेक
सेठानी घाट पर जल मंच से मुख्यमंत्री यादव, सांसद, विधायक, भाजपा जिला अध्यक्ष और नगर पालिका अध्यक्ष ने मां नर्मदा का पूजन-अभिषेक किया। आचार्य सोमेश परसाई के सानिध्य में पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार किया गया। प्रतिबंध के बावजूद उड़ाया ड्रोन कैमरा
नर्मदा जयंती महोत्सव में जल मंच के सामने प्रतिबंध के बावजूद ड्रोन उड़ते दिखा। नर्मदा जयंती महोत्सव के लिए दो दिन पहले ही एडीएम ने आदेश जारी कर जल मंच के सामने ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया था। सीएम और भीड़ की सुरक्षा का हवाला देकर प्रशासन ने सेठानी घाट के एक किमी की परिधि में ड्रोन उड़ाने पर रोक लगाई थी। सतरंगी रोशनी से जगमगाया सेठानी घाट
नर्मदा जयंती और गौरव दिवस को लेकर सभी घाटों और शहर को सजाया गया। मंगलवार सुबह से ही घाट पर स्नान व पूजन का सिलसिला शुरू हो गया। करीब 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने शहर के सभी घाटों पर पहुंचकर मां नर्मदा का पूजन किया। कलश यात्रा निकली, निमाड़ी लोकनृत्य की प्रस्तुति
मंगलवार दोपहर 3 बजे मोरछली चौक से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सम्मिलित हुए। शाम करीब 6 बजे से रात 8:30 बजे तक सेठानी घाट पर जलमंच से मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूजन-अभिषेक के बाद हरदा की मिशा शर्मा और उनकी टीम के द्वारा निमाड़ी लोकनृत्य की प्रस्तुति दी गई। इसके बाद उज्जैन के कशिश सितलानी व साथियों द्वारा नृत्य नाटिका कथा नर्मदा की का आयोजन होगा। भोपाल के विकास सिरमोलिया व साथियों द्वारा भक्ति गायन भी किया जा रहा है। शाम को दीपदान, आटे के 2 लाख दीपक बनाए
नर्मदा के सभी घाटों पर शाम को दीपदान किया गया। इस बार नर्मदा नदी को प्लास्टिक और डिस्पोजल के दीपक के बजाय आटे, पत्ते से बने दीपक नदी में छोड़े गए। आटे के दीपक मछलियों के लिए खाने का भी काम करेंगे। 8 दिनों से समूह की महिलाएं, जेल में बंद कैदी और स्थानीय समाज संगठन, दिव्यांग बच्चे दीपक बनाने में लगे थे। देखिए नर्मदापुरम की तस्वीरें… देखिए जबलपुर के गौरी घाट की 3 तस्वीरें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *