भास्कर न्यूज | इटखोरी 2026 साल का पहला दिन 1 जनवरी को तीर्थ नगरी मां भद्रकाली मंदिर में लगभग 35000 से ऊपर श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन की। यहां झारखंड, बिहार और उड़ीसा समेत कई सीमावर्ती राज्यों के विभिन्न शहरों एवं गांव कस्बों से भारी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन हुआ। नित्य की तरह मंदिर में गुरुवार अहले सुबह मां की श्रृंगार पूजन हुई। पुजारियों ने विशेष रूप से मां की श्रंगार पूजन किया। श्रंगार पूजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भी भीड़ गर्भगृह में जुटी रही। इसके बाद विधि-विधान से मां की आरती उतारी गई। 5 बजे सुबह से लेकर 2:30 बजे दिन तक श्रद्धालु, सैलानी और पर्यटकों का मंदिर में पूजा-अर्चना का दौर जारी रहा। कड़कड़ाती ठंड में भी श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर मां की दर्शन पूजन कर नव वर्ष को यादगार बनाएं। इस बीच कनकनी हवाएं भी बहती रही। मंदिर में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए सदस्य और पुलिस प्रशासनिक अधिकारी अपनी-अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद रहे। वे मंदिर के साधना चबूतरा पर श्रद्धालुओं को लंबी लाइन में लगाकर उन्हें सहयोग करते रहे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर से पूर्व वन पोखर स्थल, कनुनिया माई रोड़ और मंदिर के पिछे महोत्सव स्थल पथ पर छोटी-बड़ी वाहनों को पार्किंग कर दी। अत्यधिक भीड़ में चतरा उपायुक्त कृति श्री, डीआईजी अंजनी झा एवं जिले के एसपी सुमित अग्रवाल ने भी मां की दर्शन पूजन कर सुख समृद्धि की कामना की। मां की दर्शन-पूजन के बाद बाहर से आए पर्यटकों और सैलानियों ने मंदिर के पीछे से गुजरी यू आकार की उत्तर वाहिनी नदी और मंदिर परिसर के इर्द-गिर्द अपने परिजनों के साथ मनोरम बागवानी में बैठकर स्वादिष्ट शाकाहारी व्यंजनों का लुत्फ उठाए। दिन भर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए जय मां भद्रकाली और हर हर महादेव की जय घोष से पूरा मंदिर परिसर भक्ति की शक्ति में लीन रहा।


