बारां| शहर के बाबजी नगर रोड पर निजी रिसोर्ट में चल रहे एकल अभियान के आचार्य प्रशिक्षण शिविर में नव प्रशिक्षित आचार्यों ने देव दर्शन किया। यात्रा निजी गार्डन से चारमूर्ति होकर प्रताप चौक, धर्मादा संस्था धर्मशाला, कॉलेज रोड होती हुई काठियाबाबा आश्रम पहुंची। जहां पर आचार्यों द्वारा पंचमुखी हनुमान एवं अखंड धूणी के दर्शन किए और पूजन किया। इस दौरान भारत माता के जयकारों से परिसर गूंज उठा। आश्रम आचार्य परमानंद ने बताया कि एकल द्वारा जिले में उन गांवों पर बच्चों को शिक्षण कार्य करवाया जाता है, जहां पर कोई सुविधाएं नहीं हो। इन सभी का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत काठिया बाबा आश्रम पर सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए एकल अभियान के कार्यकर्ताओ ने वैश्विक शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। साथ ही तीन संकल्प कराए गए।


