राजन गोसाईं वेस्ट हलके के विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू ने दैनिक भास्कर के साथ खास बातचीत के दौरान पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार वेरका की ओर से लगाए गए आरोपों का खुलकर जवाब दिया। विधायक संधू ने कहा कि नशा तस्करों को शह “आप’ ने नहीं कांग्रेस ने दी थी। डॉ. राजकुमार वेरका अपने राज में तस्करों को दी छूट को याद करें। उन्होंने कहा कि वेस्ट हलके को नशे और अपराध की जननी कहने वाले डॉ. राज कुमार वेरका बताएं कि पंजाब में नशा लाई कौन सी पार्टी थी और नशे को प्रफुल्लित करने में किस सियासी पार्टी का हाथ था। आप तो 3 साल से नशे के खिलाफ अभियान चला रहा है। इसके अलावा संधू ने डॉ. वेरका के अन्य आरोपों पर भी बेबाकी से जवाब दिया। सवाल : वेस्ट हलके के पूर्व विधायक डॉ. वेरका कहते हैं कि मौजूदा सरकार में हलका नशे की जननी बन गया है? जवाब : डॉ. राज कुमार वेरका पहले यह बताएं कि पंजाब में नशा किस सियासी पार्टी के समय में आया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के समय के दौरान नशा पंजाब में आया था और अकाली-भाजपा की सरकार पर यह समस्या प्रफुल्लित हुई। लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद पिछले 3 वर्षों के दौरान नशे की कमर तोड़ी गई है। हमारी सरकार नशे के खिलाफ युद्ध चला रही है और लोगों के सहयोग से इस जल्द ही इस समस्या को जड़ से उखाड़ फेंका जाएगा। सवाल : आप सरकार के दौरान गैंगस्टरवाद बढ़ा है, हर तरह के अपराध सरेआम हो रहे हैं? जवाब : गैंगस्टरवाद, दड़ा-सट्टा के कारोबारियों और जुआरियों को बढ़ावा पूर्व की कांग्रेस और अकाली-भाजपा सरकार के समय में दिया गया था। सरेआम पंजाब पुलिस के एएसआई को गोली मार दी गई, क्योंकि वह अपनी बेटी की इज्जत की रक्षा करना चाह रहा था। इतना ही नहीं, इन दोनों ही सरकारों के समय में गैंगस्टर, दड़ा-सट्टा के कारोबारी और जुआरी इन सियासी नेताओं की गाड़ियों में बैठ कर सरकारी कार्यालयों में जाते थे। लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान इन आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को न सिर्फ गिरफ्तार किया जा रहा है, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क को तोड़ा जा रहा है। सवाल : पूर्व विधायक कहते हैं कि जहां उन्होंने विकास कार्य छोड़े थे, वहां से एक ईंट भी मौजूदा विधायक नहीं लगवा पाए? जवाब : अपने 3 साल के कार्यकाल के दौरान उन्होंने जितने विकास कार्य करवाए हैं, पूर्व विधायक उसकी आरटीआई के जरिए जानकारी निकाल सकते हैं। इसके साथ ही वह अपने कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्यों की सूची भी निकलवा लें, पता चल जाएगा कि किस सरकार के कार्यकाल के दौरान विकास कार्य हुए हैं। विधायक डॉ. संधू ने दावा किया कि पूर्व विधायकों और मंत्रियों के यार-दोस्तों ने जो नाजायज कॉलोनियां स्थापित की थी, उन कॉलोनियों को रेगुलर करवाकर वहां सीवरेज और स्वच्छ पानी की सुविधा उन्होंने दिलवाई है। सवाल : महिलाओं के खाते में 1000 रुपए कब तक आएंगे ? जवाब : आम आदमी पार्टी की सरकार की ओर से जो गारंटियां दी गई थी, उनमें से लगभग सभी पूरी कर दी गई है। जैसे बिना भेदभाव लोगों को 600 यूनिट मुफ्त बिजली देना, शिक्षा क्रांति के जरिए छात्रों को स्कूल आफ एमिनेंस के जरिए बढ़िया शिक्षा मुहैया कराना, अध्यापकों को विदेश भेज कर टीचिंग स्किल में परिपक्व करना, ताकि वे छात्रों को बेहतर शिक्षा प्रदान कर सकें। महिलाओं को 1000 रुपए महीना देने की घोषणा अगले बजट सेशन में कर दी जाएगी। सवाल : वेस्ट हलके के विकास के लिए रोडमैप क्या है? जवाब : मेरा सपना अपने विधानसभा हलके को जिले का सबसे बढ़िया और नंबर एक विधानसभा क्षेत्र बनाना है। इसके लिए काम शुरू कर दिए गए हैं। इस क्षेत्र में 9 गांव हैं, जहां इतना विकास किया गया है कि कोई पहचान नहीं सकता कि यह गांव है या शहर। इसी तरह विधानसभा हलके की हरेक वार्ड को भी बिना सियासी भेदभाव के विकसित किया जाएगा।


